Ram Navami 2025 Bhog: चैत्र शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को रामनवमी मनाई जाती है. चूंकि, यह दिन भगवान श्रीराम के जन्म से जुड़ा है इसलिए इस दिन हर घर में उनकी विशेष पूजा-अर्चना की जाती है. आइए जानते हैं कि रामनवमी के दिन किन चीजों का भोग लगाने से भगवान प्रसन्न होंगे.
Trending Photos
Ram Navami 2025 Bhog: राम नवमी का पर्व भगवान श्रीराम के जन्मदिन के रूप में बड़े श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है. हिंदू धर्म में इस दिन का विशेष महत्व है. सनातन धर्म की मान्यता के अनुसार, चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को प्रभु श्रीराम का इस धरती पर मनुष्य के रूप में अवतार हुआ था. यही वजह है कि सनातन को मानने वाले लोग इस दिन अपने प्रभु श्रीराम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते हैं. इसके अलावा इस अवसर पर भक्तजन पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन करते हैं और भगवान श्रीराम को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित करते हैं. साथ ही, इस दिन दान-पुण्य का भी बड़ा महत्व होता है. ऐसे में चलिए जानते हैं कि राम नवमी के दिन प्रभु श्रीराम को किन चीजों का भोग लगाएं और इस दिन किस चीज का दान करना शुभ रहेगा.
राम नवमी पर भगवान श्रीराम को लगाएं ये विशेष भोग
पंचामृत- पंचामृत का भोग भगवान श्रीराम को अर्पित करना बहुत शुभ माना जाता है. यह अन्न और धन में वृद्धि का प्रतीक होता है.
खीर- खीर भगवान श्रीराम का प्रिय भोग है. राम नवमी पर उन्हें खीर का भोग अवश्य लगाना चाहिए. यह भोग मनोकामनाओं की पूर्ति में सहायक माना जाता है.
हलवा- हलवा का भोग श्रीराम को अर्पित करने से घर में सुख और शांति बनी रहती है. ऐसे में आप चाहें तो रामनवमी के दिन श्री राम को हलवा का भोग लगा सकते हैं.
पंजीरी- पंजीरी भगवान को अर्पित करने से जीवन में शुभता और सकारात्मकता आती है. इसलिए रामनवमी के दिन भगवान श्रीराम को यह भोग अर्पित किया जाता है.
राम नवमी पर करें इन चीजों का दान
अनाज का दान- राम नवमी के दिन गेहूं, चावल, दाल आदि अनाज का दान करना बेहद शुभ माना जाता है.
वस्त्र दान- गरीबों और जरूरतमंदों को वस्त्र दान करें। यह पुण्य का कार्य माना जाता है.
धन का दान- अपनी सामर्थ्य अनुसार धन का दान भी राम नवमी पर किया जा सकता है.
भोजन का दान- इस दिन जरूरतमंदों को भोजन कराना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना जाता है.
राम नवमी 2025 कब है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार चैत्र शुक्ल नवमी तिथि की शुरुआत 5 अप्रैल 2025 को शाम 7 बजकर 26 मिनट पर होगी और इसका समापन 6 अप्रैल को शाम 7 बजकर 22 मिनट पर होगा. ऐसे में उदय तिथि के आधार पर राम नवमी का पर्व 6 अप्रैल 2025 (रविवार) को पूरे भारत में धूमधाम से मनाया जाएगा.
भगवान श्रीराम की पूजा के लिए शुभ समय
प्रारंभ: सुबह 11:08 बजे
समाप्ति: दोपहर 1:39 बजे
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)